भोपाल। टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही भारत ने तीसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
फाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
256 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को पूरी तरह धराशायी कर दिया।
इस शानदार जीत के साथ भारतीय टीम ने एक बार फिर विश्व क्रिकेट में अपना दबदबा साबित किया और देशभर में जश्न का माहौल बन गया।