विजयपुर से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव निरस्त, हाईकोर्ट ने रामनिवास रावत को घोषित किया विधायक


ग्वालियर। मध्यप्रदेश की विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक मुकेश मल्होत्रा का चुनाव हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ ने शून्य घोषित कर दिया है। न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया की एकलपीठ ने यह फैसला सुनाते हुए भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व मंत्री रामनिवास रावत को विजयपुर से विधायक घोषित कर दिया।

दरअसल, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत ने चुनाव याचिका दायर करते हुए आरोप लगाया था कि मुकेश मल्होत्रा ने नामांकन के दौरान अपने चुनावी हलफनामे में आपराधिक प्रकरणों की जानकारी छिपाई थी। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आरोपों को गंभीर मानते हुए मुकेश मल्होत्रा का चुनाव निरस्त कर दिया।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि उम्मीदवार द्वारा चुनावी हलफनामे में सही और पूरी जानकारी देना अनिवार्य है। जानकारी छिपाना चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता के खिलाफ है। इसी आधार पर अदालत ने विजयपुर विधानसभा से मुकेश मल्होत्रा का निर्वाचन शून्य घोषित करते हुए दूसरे स्थान पर रहे भाजपा प्रत्याशी रामनिवास रावत को विधायक घोषित कर दिया।

हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.