जिला चिकित्सालय का आईसीयू 3 मार्च तक शुरू करें- प्रभारी मंत्री




शिवपुरी- खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि जिला चिकित्सालय में स्थित आईसीयू जो बंद है, वह 3 मार्च से शुरू हो जाएगा। इसके लिए उन्होंने संयुक्त रूप से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला चिकित्सालय के शिविर सर्जन और मेडीकल कॉलेज की डीन को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री आज जिला चिकित्सालय के प्रांगण में आयुष्मान भारत ग्राम्य अभियान के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में करैरा विधायक  जशवंत सिंह जाटव, विधायक पोहरी  सुरेश राठखेड़ा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  बैजनाथ यादव, सांसद प्रतिनिधि  हरवीर सिंह रघुवंशी, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष राकेश गुप्ता,  सिद्धार्थ लढ़ा सहित जनप्रतिनिधि एवं चिकित्सकगण आदि उपस्थित थे।

मंत्री  प्रधुम्न सिंह तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, चिकित्सालय के सिविल सर्जन, शिवपुरी मेडीकल कॉलेज की डीन से चर्चा कर स्पष्ट कहा कि जिला चिकित्सालय के आईसीयू को शुरू करने हेतु एक निश्चित तिथि दें। जिससे मरीजों को इसका लाभ मिल सके। परामर्श उपरांत 02 मार्च को आईसीयू शुरू करने की प्रभारी मंत्री को तिथि दी गई। लेकिन श्री तोमर ने एक दिवस का और समय देते हुए 03 मार्च से हर हालत में आईसीयू शुरू करने के संबंधितों को निर्देश दिए।

श्री तोमर ने कहा कि स्व.माधवराव सिंधिया का सपना था कि जिला चिकित्सालय के माध्यम से अंचल के मरीजों को अधिक से अधिक लाभ मिले। आईसीयू के शुरू होने से मरीजों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि कोई भी गरीब व्यक्ति चिकित्सा सेवाओं से वंचित न रहे। कार्यक्रम के शुरू में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.ए.एल.शर्मा ने स्वास्थ्य शिविर के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि 120 मरीजों को योजना के तहत उपचार किया जाएगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.