योगेन्द्र जैन, पोहरी। प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का पोहरी में आयोजित किसान फसल ऋण माफी योजना के सम्मेलन में एक बेतुका बयान सामने आया है। किसानों को संबोधित करते हुए श्री तोमर बोले कि कई गरीब बुजुर्ग किसान जिनके बच्चे उन्हें बीड़ी पीने एवं तम्बाकू खाने के लिए पैसे नहीं देते ऐसे किसानों को कांग्रेस की सरकार अब एक हजार रुपए पेंशन के रूप में देगी।
यहां बता दें कि सरकार द्वारा नशा मुक्ति अभियान के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार के मंत्री का यह बीड़ी पीने एवं तम्बाकू खाने के लिए पेंशन देने वाला बयान चर्चाओं में है। एक ओर से सरकार नशा मुक्ति के लिए करोड़ों का बजट खर्च कर रही है, वहीं दूसरी और नशा के लिए पेंशन भी दे रही है।
भाजपा सरकार की 15 साल की काई को हटाने में लगेगा समय-अन्य योजना जैसे खाद्यान्न, मध्यान्ह भोजन आदि का वितरण नहीं होने की समस्या पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे हमें शिकायतें प्राप्त हो रही है हम कार्यवाही कर रहे हैं। भाजपा सरकार की जो 15 साल की काई जमी हुई है उसे दूर करने में समय तो लगेगा ही।