मतदाताओं को जागरूक किए जाने हेतु आयोजित होंगी गतिविधियां

शिवपुरी- मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किए जाने हेतु जिले में कलेक्टर श्रीमती अनुग्रहा पी के मार्गदर्शन में मतदाता जागरूकता के विभिन्न विभागों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किए जाने हेतु कलेण्डर जारी किया गया है। जारी कार्यक्रम के तहत उन मतदान केन्द्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिन पर गत लोकसभा निर्वाचन के दौरान कम मतदान हुआ है। इसके लिए रणनीति बनाकर मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक कर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। उक्त आशय की जानकारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एच.पी.वर्मा ने आज मतदान जागरूकता हेतु विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में जिला पंचायत में आयोजित बैठक में दी। 


श्री वर्मा ने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के तहत उन मतदान केन्द्रों पर विशेष फोकस करने की आवश्यकता है, जहां गत लोकसभा निर्वाचन के दौरान कम मतदान हुआ है। उन्होंने विभागवार मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाताओं को यह भी जानकार दी जाएगी कि मतदान के दिन मतदाता को वोटर स्लिप के साथ मतदाता की पहचान हेतु आयोग द्वारा जो दस्तावेज निर्धारित किए गए है, उनमें से किसी एक को साथ लाना होगा। इसकी जानकारी सदस्यगण अधिक से अधिक लोगों को दें।


 श्री वर्मा ने बताया कि 15 मार्च को खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा शाम 05 बजे साइकिल रैली के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। यह रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर अयोध्या बस्ती, कल्लनशॉप, नीलगर चौराहा, पुरानी शिवपुरी, गुरूद्वारा चौराहा होते हुए माधवचौक, कोर्टरोड़ होते हुए कस्टमगेट पर पहुंचेगी। इसी प्रकार 16 मार्च को नगर पालिका द्वारा कम्युनिटी हॉल गांधी पार्क के पास में मंहदी प्रतियोगिता, रंगोली एवं रैली के माध्यम से जनसामान्य को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। 17 मार्च को महिला एवं बाल विकास विभाग की आंगनवाड़ी कार्यकताओं एवं सहायिकाओं के माध्यम से रैली एवं रंगोली प्रतियोगिता गांधी पार्क में आयोजित होगी। 19 मार्च को कृषि विभाग द्वारा कृषि उपज मण्डी कोलारस में मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए जाएगें। 


Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.