शिवपुरी- लोकसभा निर्वाचन 2019 में चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी सभाएं लेने हेतु जेड प्लस श्रेणी के सुरक्षा प्राप्त स्टार प्रचारक जिले की करैरा, पोहरी, शिवपुरी, पिछोर, कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार हेतु पहुंचेगें। ऐसी स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए विधानसभा क्षेत्रों में आने वाले जेड प्लस श्रेणी के सुरक्षा प्राप्त स्टार प्रचारकों को विश्राम ग्रह का आवंटन शर्तों के अधीन एवं रिक्तता की स्थिति में ही प्रदाय किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती अनुग्रहा पी ने इस संबंध में जारी आदेश में उल्लेख किया है कि विश्राम ग्रह आवंटन हेतु स्टार प्रचारकों के आगमन दिनांक एवं उनके कार्यक्रम सहित आवेदन पत्र संबंधित अपर जिला मजिस्ट्रेट शिवपुरी के कार्यालय में देना होगा। विश्राम ग्रह का किराया जो लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित है। वह कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग खण्ड क्रमांक 1 शिवपुरी के कार्यालय में जमा करना होगा। इस पर होने वाली व्यय राशि प्रत्याशी को अपने लेखे-जोखे में शामिल करनी होगी। स्टार प्रचारक विश्राम ग्रह में किसी भी प्रकार की प्रेसवार्ता, चुनावी बैठक या अन्य किसी प्रकार की राजनैतिक गतिविधियां संचालित नहीं कर सकेंगे। विश्राम ग्रह रिक्त होने पर ही आवंटित किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक एवं निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों के विश्राम ग्रह में ठहरने की स्थिति में जेड प्लस श्रेणी के सुरक्षा प्राप्त स्टार प्रचारकों को विश्राम ग्रह आवंटित नहीं किया जाएगा।