पोहरी की हार का दर्द छलका शिवराज की जुबान से



राजनीतिक हलचल-विधानसभा चुनाव में मात खा चुकी भाजपा लोकसभा चुनाव में फूँक फूँक कर कदम रख रही है ,अब वो किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं, एक बार फिर अपनी जमीन तैयार करने और जनता से संवाद करने के लिए हर एक लोकसभा की जमीन नाप रहे हैं । इसी तारतम्य में भाजपा की विजय संकल्प यात्रा कल ग्वालियर लोकसभा के बैराड़ पहुँची, जिसमे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने शिरकत की ।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार लंगड़ी सरकार है जो सपा बसपा और निर्दलीय विधायकों की बैसाखी पर टिकी है, कभी भी भरभराकर गिर सकती है, शिवराज सिंह ने आगे ये भी कहा कि कमलनाथ सरकार डकैतों की सरकार है मेरे मुख्यमंत्री बनते ही मैंने संकल्प लिया था कि मध्यप्रदेश की जमीन पर या तो डकैत रहेंगे या फिर शिवराज सिंह, हमने मध्यप्रदेश को भयमुक्त विकसित राज्य बनाया था । कमलनाथ सरकार को आड़े हाथों लेते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, वृद्धा पेंशन योजना को कमलनाथ के मंत्री मजाक बना रहे हैं ।
जनता को अपनी सरकार की उपलब्धियों और कांग्रेस सरकार की नाकामियों को गिनाते गिनाते पोहरी विधानसभा की हार का दर्द जुंबा पर आ गया ,उन्होंने कहा कि पोहरी के लिए सीधे सादे विधायक प्रहलाद भारती ने हमसे जो माँगा हम देते गए ,विकास के मामले में हमने कोई कसर नहीं छोड़ी और आपने थोड़े से लालच में इतनी बड़ी भूल कर दी । उन्होंने आगे ये भी कहा कि कांग्रेस आएगी, शराब लाएगी,झूठे सपने दिखाएगी,वोट ले जाएगी और जीतकर ठेंगा दिखाएगी इसलिए मेरे भाईयों और बहनों अब किसी भी प्रकार के लालच में मत आना । आने वाले समय में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए जी जान लगा देना बस यही अपील करने आया हूँ ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.