2600 वर्षों तक बंटते रहे, अब 26 साल एक होकर दिखाओ : पुलक सागरजी

बांसवाड़ा-शहर के कुशलबाग मैदान में चल रहे ज्ञान गंगा महोत्सव में शुक्रवार को आचार्य पुलक सागर जी महाराज ने सकल जैन समाज का आह्वान किया कि इस साल आने वाली महावीर जंयती पूरा जैन समाज एक साथ मनाए। उन्होंने कहा कि विचारों में बदलाव लाओगे तभी तुम्हारा जीवन बदलेगा। पिछले 2600 साल तक बंटते रहे, अब सभी जैन 26 साल के लिए एक होकर दिखाओं। आचार्य ने जैन समाजजनों ने अपनी धार्मिक, राजनीतिक ताकत दिखाने, अपना वजूद दिखाने के लि संगठित होने का आह्वान किया। आचार्य ने कहा कि पंथ, शास्त्र, गुरु के नाम पर बंटने से जैन समाज का राजनीति में बुरा हश्र हुआ है। इससे समाज के योग्य व्यक्ति आगे नहीं बढ़ पाए। एक होने का संदेश देने हुए आचार्यश्री ने कहा कि जब भगवान महावीर थे उस समय सिर्फ एक ही जैन धर्म था और न तो पंथवाद था और न ही किसी प्रकार की जटिलता। लेकिन समय गुजरने के साथ पंथवाद,शास्त्र,गुरु के नाम पर बंटना समाज और धर्म के लिए अच्छा नहीं है। उन्होंने कहा कि आज से दस साल पहले रतलाम में उन्होंने एकता का संदेश दिया था तो सकल जैन समाज के 40 हजार लाेगाें ने महावीर जयंती के जुलूस में एक साथ भाग लेकर एकजुटता दिखाई थी और बांसवाड़ा में भी मैं इस बार महावीर जयंती पर ऐसा ही देखना चाहता हूं।

धार्मिक उत्सव मनाएं लेकिन साफ सफाई का ध्यान रखें

आचार्य पुलक सागर जी महाराज ने कहा कि उपवास, पारणा, धार्मिक जुलूस और स्वामी वात्सल्य के कार्यक्रम में सफाई का ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि महावीर जयंती का जुलूस निकाला और स्वागत सत्कार के बाद सड़क गंदी हो गई तो ऐसे कार्यक्रम का कोई मतलब नहीं है। वीतरागी का जुलूस धूमधाम से निकले सभी एक जुट होकर निकालें लेकिन सफाई और जरुरतमंदों का खास तौर से ध्यान रखें। आचार्य श्री ने सीख देते हुए कहा कि जीवन में ऐसे लोग भी मिलेंगे जो सांप की तरह डस लेंगे। साथ ही जीवन में ऐसे भी लोग मिलेंगे जो हमेशा सहारा देंगे। मौसम तो बदलते रहते हैं लेकिन इंसान अपनी फितरत नहीं बदल पाता है। मौसम तो बदलेंगे लेकिन आवश्यकता है मानव को बदलने की। सूरज की गति दिन में तीन तरह की होती है जो जीवन जीने की सीख देती है।

संचालन मुनि संघ सेवा समिति के महामंत्री महावीर बोहरा ने किया।

संकलन अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमंडी

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.