मुगावली-राशन दुकानों और आंगनबाड़ी पर अंडा, मांस, मछली दिए जाने का विरोध जोरों से किया जा रहा है। जिसके तहत कुछ दिन पहले जिला मुख्यालय पर जैन समाज ने विरोध दर्ज कराया था वहीं अब मुंगावली में भी जैन समाज, विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल ने इसका विरोध किया। जिसके लिए शहर में शाकाहार रैली निकाली गई जिसके बाद तहसील पहुंचकर ज्ञापन दिया गया।
केंद्र और राज्य सरकार ने राशन की दुकानों पर अंडा, मांस मछली एवं चिकन दिए जाने तथा राज्य सरकार द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र पर अंडा वितरण के प्रस्ताव को लेकर विरोध में एक रैली निकालकर ज्ञापन दिया गया। इस मौके पर विश्व हिन्दू परिषद एवं सकल दिगंबर जैन समाज मुंगावली के तत्वाधान में शाकाहार रैली का आयोजन कर तहसीलदार को एक ज्ञापन दिया गया। इस रैली में जैन पंचायत के पदाधिकारी, महिला महा समिति, पाठशाला परिवार के बच्चे शामिल हुए।
मांसाहार की दुकानें बढ़ेंगी और बीमारियां फैलेंगी
रैली में शामिल लोगों ने बताया कि इस एक गलत निर्णय से गली गली में मांसाहार की दुकानें खुल जाएंगी, जिसके कारण अनेक बीमारियां फैलेंगी। इसके अलावा मांस विक्रय के कारण सार्वजनिक वितरण प्रणाली में कार्यरत शाकाहारी लोगों को रोजगार छोड़ना पड़ेगा, जिससे देश में बेरोजगारी बढ़ेगी। इसी प्रकार मप्र सरकार ने भी 1 अप्रेल से आंगनबाड़ी केन्द्रों पर अण्डा बांटने का गलत निर्णय लिया है, जिसमें छोटे छोटे बच्चों को बचपन से ही मांसाहारी बनाकर उनका भी धर्म भ्रष्ट किया जाएगा।
इधर...महिलाओं के लिए शराब दुकान पर आपत्ति
महिला समिति के सदस्यों ने महिलाओं के लिए राज्य सरकार ने अलग से दुकान खोले जाने का विरोध करते हुए कहा कि अलग से दुकान खोल जाने से युवा पीढ़ी की महिलाएं शराब की तरफ आकर्षित होगी। युवा पीढ़ी नशे की आदी हो जाएगी जो की समाज के लिए घातक है।
ज्ञापन देकर बोले-भारतीय संस्कृति को नष्ट करने निंदनीय निर्णय
इस रैली में शामिल शाकाहार समर्थकों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन पुलिस थाने पहुंचकर तहसीलदार को दिया गया। ज्ञापन का वाचन करते हुए जैन समाज के लोगों ने कहा कि भारत सरकार के नीति आयोग ने विजन डॉक्यूमेंट 2035 के तहत 1 अप्रेल से आगामी 15 साल तक भारतीय संस्कृति को नष्ट करने के लिए ये निन्दनीय निर्णय लिया है जिसमें राशन की दुकानों पर अण्डा मांस मछली एवं चिकन का वितरण सस्ते दाम पर किया जाएगा।
संकलन अभिषेक जैन लुहाडीया रामगंजमंडी
