मजदूरी करने के लिए टोंका जा रहे थे आधा सैंकड़ा से अधिक आदिवासी समाज के लोग
पोहरी। पोहरी विधानसभा क्षेत्र के भेंसदा और परासरी के रहने वाले आदिवासी वर्ग के करीब आधा सैंकड़ा लोग मजदूरी के लिए ट्रेक्टर-ट्रॉली में सवार होकर टोंका के लिए बुधवार सुबह रवाना हुए। इसी दौरान जब मजदूरों से भरी ट्रेक्टर-ट्रॉली टोंका के लिए रवाना हुई थी तभी बमरा तिराहे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी जब राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ राठखेड़ा को लगी चूंकि वह इस दौरान प्रवास पर थे इस कारण वह स्वयं मौके पर नहीं पहुंच सकते इसलिए उन्होंने तुरंत अपने पुत्र जीतू राठखेड़ा सहित स्वास्थ्य टीम को मौके पर पहुंचकर घायलों को स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए निर्देशित किया। घटना पर युवा नेता जीतू राठखेड़ा सहित स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को पोहरी अस्पताल पहुंचवाया। जहां उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिलवाया, इस दौरान गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल शिवपुरी के लिए रैफर किया गया। दुर्घटना में घायल मजदूरों को जीतू ने ढांढस बंधाया और उन्हें हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।
