छतरपुर। आगामी 7 नवंबर से 16 नवंबर तक दिल्ली से वृंदावन के लिए सनातन हिन्दू एकता पदयात्रा निकाली जानी है। बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की अगुवाई में होने वाली इस पदयात्रा के लिए लगातार संपर्क चल रहा है। बागेश्वर महाराज ने सोमवार को वृंदावन में संत मिलन अवसर पर सभी संतों का आशीर्वाद लिया और सनातन एकता पदयात्रा के लिए सहयोग मांगा। उपस्थित संतो सहित सभी प्रबुद्ध जनों ने एक स्वर में कहा कि वह तन, मन, धन से इस यात्रा का सहयोग करेंगे और यात्रा को सफल बनाएंगे। संतों ने कहा कि यह राष्ट्रीय यज्ञ है इसमें आहुति देने से नहीं चूकना चाहिए।
श्री धाम वृंदावन के श्रीकृष्ण धाम में आयोजित संत मिलन के अवसर पर बृजवासी सेवा न्यास, गोस्वामीजन, सभी कथा प्रवक्ता, तीर्थ पुरोहित, पंडा महासभा, ब्रज तीर्थ देवालय न्यास, अखिल भारतीय सन्यासी परिषद, वृंदावन आश्रम प्रमुख सहित वृंदावन के सभी संत शामिल हुए। सभी संतो ने कहा कि बागेश्वर महाराज सनातन हिंदू एकता यात्रा के इस राष्ट्रीय महायज्ञ को आयोजित कर रहे हैं हम सबको इसमें अपनी आहुति अवश्य देना चाहिए। यदि हमने आहुति नहीं दी तो आने वाली पीढ़ी पूछेगी कि इस यज्ञ के समय कहां थे? इतिहास हमें लाक्षित न करे इसलिए सभी अपना समर्थन दे। संत मिलन में सभी ने अपने विचार रखे।यात्रा जिस मठ से गुजरेगी वहां यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। सभी संतो ने यह भी कहा कि वह अपने अनुयायियों और समर्थकों के साथ यात्रा में शामिल होंगे। इस मौके पर यह भी चर्चा हुई कि जैसे ही पदयात्रा ब्रज क्षेत्र में प्रवेश करेगी वैसे ही बृजवासी भंडारे से लेकर सारी व्यवस्थाएं संभालेंगे। संत मिलन में श्री कृष्ण चंद्र ठाकुर, गीता मनीषी जी, गिरीशानंद महाराज, श्री चित्त प्रकाशानंद महाराज, अनिरुद्धाचार्य महाराज, विनोद बाबा के प्रतिनिधि सहित सभी जन मौजूद रहे।
गौ माता बने राष्ट्र माता, स्वच्छ हो यमुना जी
संत मिलन के अवसर पर मलूक पीठाधीश्वर पूज्य श्री राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिया जाना चाहिए। वृंदावन क्षेत्र को मांस मदिरा से मुक्त किए जाने की नितांत आवश्यकता है। गौ वध पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाना अति आवश्यक है। यमुना जी स्वच्छ हो। श्री कृष्ण जन्मभूमि के मामले का जल्द निपटारा होने की भी चर्चा हुई। दिल्ली से आए सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आने वाले 3 साल में यमुना मैया को पूरी तरह से स्वच्छ किया जाएगा।
चुनरी उढ़ाकर, श्रीमद् भागवत जी देकर महाराज श्री का किया सम्मान
ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के संरक्षक मृदुलकांत शास्त्री जी की ओर से बागेश्वर महाराज का चुनरी उढ़ाकर और श्रीमद् भागवत जी देकर सम्मान किया गया। संत मिलन में पधारे सभी प्रतिनिधियों ने महाराज जी का स्वागत और सम्मान किया। सभी देवालयों के प्रतिनिधियों की ओर से भी सम्मान किया गया। बागेश्वर महाराज ने कहा कि यह यात्रा जात-पात का भेदभाव मिटाने, क्षेत्रवाद और भाषावाद के भेद को खत्म करने के लिए है। यह यात्रा सभी सनातन धर्मावलंबियों की है इसलिए सबको सहभागी बनना चाहिए।