शिवपुरी/बदरवास। जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने बदरवास स्थित सांदीपनि विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनके शैक्षणिक स्तर का मूल्यांकन किया।
जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों के ज्ञान स्तर, अनुशासन एवं शिक्षण पद्धति की सराहना करते हुए विद्यालय में किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों को संतोषजनक बताया। उन्होंने विद्यालय प्राचार्य महेंद्र गुप्ता की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ के कार्य की भी सराहना की और इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए प्रेरित किया।