अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच दुकानदारों को मिला आश्वासन, अंसारी परिवार ने पुनर्वास का दिया भरोसा


पोहरी। नगर में एक ओर प्रशासन अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में जुटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर अंसारी परिवार ने प्रभावित दुकानदारों को भरोसा दिलाया है कि वे उन्हें उसी स्थान पर पुनः व्यवस्थित कर दुकानें बनवाकर सौंपेंगे। इस संबंध में अंसारी परिवार द्वारा दुकानदारों को आश्वस्त किया गया कि उनका वर्षों से चला आ रहा रोजगार खत्म नहीं होने दिया जाएगा।

बताया गया है कि जिन दुकानदारों की दुकानें अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में प्रभावित हुई हैं, वे कई वर्षों से इन्हीं दुकानों के माध्यम से अपने परिवार का जीवन-यापन कर रहे थे। अंसारी परिवार ने दुकानदार भाइयों से कहा है कि दुकानों का निर्माण कार्य पूरा कर उन्हें पहले से बेहतर और सुव्यवस्थित स्वरूप में पुनः स्थापित किया जाएगा। इसमें एक माह, दो माह या अधिकतम पांच माह तक का समय लग सकता है, लेकिन सभी दुकानदारों को उनकी दुकानें वापस दी जाएंगी।

इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष आफाक अंसारी ने सोशल मीडिया हेंडल पर पोस्ट कर दुकानदारों का समर्थन करते हुए कहा कि अंसारी परिवार हमेशा दुकानदार भाइयों के साथ खड़ा रहा है और आगे भी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुनर्वास की प्रक्रिया में किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि प्रशासन द्वारा अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे कई दुकानदारों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया था। ऐसे में अंसारी परिवार द्वारा दिए गए आश्वासन से दुकानदारों में कुछ राहत और उम्मीद जगी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.