बैराड़। इंसानियत और ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए बैराड़ के युवा विवेक रावत ने सड़क दुर्घटना में घायल हुए युवकों का रुपये से भरा बैग सुरक्षित लौटाकर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है। उनके इस कार्य की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार 14 फरवरी शनिवार को शिवपुरी निवासी लव गुप्ता पुत्र वंटी गुप्ता अपने एक साथी के साथ बैराड़ से शिवपुरी की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
उधर शिवपुरी से बैराड़ की ओर लौट रहे विवेक रावत ने घायलों को देखा और बिना देर किए उन्हें अपनी कार से बैराड़ स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए शिवपुरी रेफर कर दिया गया।
बाद में विवेक रावत ने देखा कि उनकी कार में घायलों का एक बैग छूट गया है। बैग खोलने पर उसमें 1 लाख 30 हजार रुपये रखे मिले। उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैराड़ थाने में संपर्क किया और थाना प्रभारी सुरेश शर्मा की मौजूदगी में बैग व पूरी राशि लव गुप्ता को लौटा दी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि विवेक रावत जैसे युवाओं से प्रेरणा लेनी चाहिए, ताकि समाज में ईमानदारी और मानवता की भावना बनी रहे।