14 फीट ऊंची दीवार फांदकर दुष्कर्म का आरोपी फरार, जेल प्रहरी निलंबित, आंवले के पेड़ के डंठल का सहारा लेकर भागा कैदी


पोहरी। पोहरी में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार आरोपी पिता जेल की 14 फुट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। फरारी की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को पोहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता बादाम सिंह के खिलाफ पॉक्सो एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

पीड़िता ने पुलिस को बताया था कि 20 फरवरी की रात वह अपनी दादी के साथ सो रही थी। इसी दौरान आरोपी पिता उसे जबरन कमरे में ले गया। दादी द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने उन्हें धक्का दे दिया। परिजनों के पहुंचने तक वह वारदात को अंजाम दे चुका था। पीड़िता के अनुसार आरोपी पूर्व में भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका था। घटना के बाद परिजन नाबालिग को लेकर थाने पहुंचे, जहां तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।

शुक्रवार सुबह आरोपी ने जेल परिसर में मौजूद आंवले के पेड़ के डंठल को दीवार में फंसाकर सहारा बनाया और 14 फुट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। जेलर सौरव वर्मा ने घटना को गंभीर लापरवाही मानते हुए जेल प्रहरी सहीद खान को निलंबित कर दिया है। वहीं फरारी के संबंध में थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे पुनः गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.