सलाखों से छलांग, कानून को ललकार! दरिंदगी का आरोपी बाप जेल तोड़कर फरार, पोहरी में सनसनी

पोहरी। पोहरी में शुक्रवार सुबह कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया। 13 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में पास्को एक्ट के तहत बंद आरोपी पिता जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। फरारी की खबर मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार 20 फरवरी को पोहरी थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता बादाम सिंह के खिलाफ पास्को एक्ट एवं दुष्कर्म की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था।


पीड़िता के अनुसार, 20 फरवरी की रात वह अपनी दादी के साथ सो रही थी, तभी आरोपी जबरन उसे कमरे में ले गया। दादी द्वारा विरोध करने पर उन्हें धक्का दे दिया गया। परिजन जब तक पहुंचते, आरोपी वारदात को अंजाम दे चुका था। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।

गंभीर धाराओं में बंद आरोपी का जेल से फरार होना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हुई? क्या जेल प्रशासन की लापरवाही से आरोपी को भागने का मौका मिला?

फिलहाल पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी जा रही है। प्रशासन का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने पूरे शिवपुरी जिले में सनसनी फैला दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.