उडद फसल लगाने पर कृषकों को मिलेंगे 600 रुपये बोनस


शिवपुरी। जिले के ग्राम पिपरसमा में कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय मिशन ऑन इडिबल ऑयल तिलहन योजना वर्ष 2025-26 अंतर्गत फार्मर फील्ड स्कूल का आयोजन किया, फार्मर फील्ड स्कूल में कृषि विज्ञान केन्द्र पिपरसमा शिवपुरी के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ.पुनीत राठौर द्वारा कृषकों को ग्रीष्मकालीन फसलों की खेती की उन्नत तकनीकी की जानकारी दी।
डॉ.राठौर द्वारा कृषकों को बताया गया कि ग्रीष्मकाल में मूंग फसल के स्थान पर उडद फसल की बोनी करें, साथ ही उडद फसल के फायदे कृषकों को बताये। डॉ.पुष्पेंद्र सिंह द्वारा ग्रीष्म फसलों के उन्नत बीज किस्मों की जानकारी उपस्थित कृषकों को दी। 
उप संचालक कृषि पान सिंह करौरिया द्वारा कृषकों को बताया कि उड़द फसल की खेती करने पर शासन द्वारा 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जायेगा इसलिए मूंग के स्थान पर उडद फसल की खेती लाभकारी सिद्ध होगी। साथ ही गेहूँ फसल कटाई उपरांत नरवाई में आग न लगाने की समझाइश दी एवं नरवाई प्रबंधन में उपयोगी कृषि यंत्रों भूसा बनाने वाली मशीन स्ट्रारीपर आदि की जानकारी दी एवं कृषकों को बताया कि कम्बाईन हार्वेस्टर से गेहूँ फसल की कटाई उपरांत शेष फसल अवशेष नरवाई का भूसा बनाने वाली मशीन स्ट्रारीपर से भूसा बनाकर गौशाला में प्रदाय करें। शिवपुरी विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी संदीप कुमार रावत द्वारा तिलहनी फसलों से अधिक उत्पादन प्राप्त करने की जानकारी कृषकों को दी। कृषि अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा ग्राम टोंगरा एवं तानपुर का भ्रमण कर फसलों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.