फार्मर रजिस्ट्री व राजस्व प्रकरणों की हुई समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी, 15 दिवस में कार्य पूर्ण करने के निर्देश


शिवपुरी। कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बीजासेन सभागार में अनुविभागीय स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री, पीएम किसान सम्मान निधि ई-केवाईसी, राजस्व वसूली एवं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में शत-प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी तैयार की जाए, ताकि किसानों को खाद, बीज एवं शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। फार्मर रजिस्ट्री कार्य में शून्य प्रगति वाले कर्मचारियों को 15 दिवस के भीतर कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। निर्धारित अवधि में प्रगति नहीं होने पर आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। सीमांकन, बटवारा, खसरा सुधार सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। कलेक्टर ने पीएम किसान सम्मान निधि की ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश देते हुए सभी अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। इस दौरान सर्वेयरों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण किया गया तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले सर्वेयरों की सराहना की गई।

संयुक्त कलेक्टर ने राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों में शीघ्र वसूली, नोटिस जारी करने एवं आवश्यक अभिलेखों में प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाचरोन पंचायत में सर्वाधिक डायवर्सन एवं भू-राजस्व वसूली की 33 लाख 45 हजार रुपये की राशि लंबित होने पर शीघ्र जमा कराने की कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही वसूली के नोटिस जारी कर खसरे में प्रविष्टि करने के निर्देश दिए गए, ताकि राजस्व समय पर प्राप्त हो सके।

समीक्षा बैठक में एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य, अतिरिक्त जिला पंचायत सीईओ एन.एस. नरवरिया, संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर शिवदयाल धाकड़, एसएलआर ललित शर्मा, तहसीलदार शिवशंकर सिंह गुर्जर, नायब तहसीलदार सहित समस्त पटवारी एवं सर्वेयर उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.