बोत्सवाना से लाए गए 9 चीते कूनो नेशनल पार्क पहुंचे, विशेष बाड़े में छोड़े गए


श्योपुर। कुनो नेशनल पार्क में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाया गया। आज अफ्रीकी देश बोत्सवाना से लाए गए 9 चीते (6 मादा, 3 नर) सुरक्षित रूप से कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया।

इस अवसर पर केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने तीन चीतों को विशेष बाड़े (एनक्लोजर) में छोड़ा। शेष चीतों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत विशेष बाड़ों में रखा गया है। सभी चीतों को फिलहाल क्वारंटाइन में रखकर विशेषज्ञों की निगरानी में स्वास्थ्य परीक्षण और व्यवहार का आकलन किया जाएगा।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, क्वारंटाइन अवधि के दौरान चीतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। उनके खान-पान, गतिविधियों और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि भविष्य में उन्हें खुले जंगल में छोड़े जाने की प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके।

कार्यक्रम में राकेश शुक्ला, रामनिवास रावत, तुरसनपाल बरैया, शशांक भूषण, दुर्गा लाल विजय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

विशेषज्ञों का मानना है कि कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या बढ़ने से न केवल जैव विविधता को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.