होली–रमजान को लेकर पोहरी थाने में शांति समिति की बैठक, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील


पोहरी। आगामी होली एवं रमजान के पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पोहरी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी नरेंद्र कुशवाह ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही आस्था और भाईचारे के प्रतीक पर्व हैं। इन्हें बिना किसी हुल्लड़, विवाद और आपसी तनाव के शांति एवं सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से ध्यान दिलाया कि वर्तमान में बच्चों की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों और डीजे के उपयोग से परहेज किया जाए।

थाना प्रभारी ने आमजन से अपील की कि होली के अवसर पर सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से डीजे न लगाए जाएं और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए दोनों त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में लगातार गश्त एवं निगरानी रखने की बात भी कही, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.