शिवपुरी। भारतीय जनता पार्टी मंडल अध्यक्ष बैराड़ धीरज ब्यास ने सभी वर्गों के साथियों से विनम्र अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में घट रहे परिदृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर किसी भी वर्ग या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी न की जाए। उन्होंने कहा कि हम सभी भारतीय हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।
धीरज ब्यास ने कहा कि यदि किसी वर्ग या समुदाय के खिलाफ शासन द्वारा कोई गलत निर्णय लिया जाता है, तो संबंधित वर्ग अपनी आवाज उठाने के लिए स्वतंत्र है और शासन उस पर विचार करने के लिए भी स्वतंत्र है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि हमें यह याद रखना चाहिए कि यदि द्वेष की भावना हमारे सैनिकों में भी आ जाए, जो सीमा पर देश की रक्षा कर रहे हैं, तो कोई भी भारतीय सुरक्षित नहीं रहेगा। एक लड़ाई हमें देश के भीतर भी लड़नी है और यह नहीं भूलना चाहिए कि आपसी फूट के कारण ही भारत देश सदियों तक परतंत्र रहा। ऐसे में हमें फिर से उन ताकतों को बल नहीं देना चाहिए जो देश को बांटने का काम करती हैं।
धीरज ब्यास ने कहा कि हम किसी भी वर्ग या समुदाय से पहले भारतीय हैं और भारत माता की संतान हैं। हम एक हैं और एक रहेंगे। पिछले कुछ दशकों में भारतीयों ने जिस एकता का परिचय दिया है, उससे देश का मान-सम्मान विदेशों में बढ़ा है, आर्थिक व्यवस्था मजबूत हुई है और देश की सुरक्षा में भी सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि उन्हें भारत सरकार और न्याय प्रणाली पर पूर्ण भरोसा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी बात जरूर रखें, लेकिन किसी अन्य की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करें।