पोहरी। नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण के नवीन निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन द्वारा पूर्व में कार्रवाई करते हुए सड़क के लिए आवश्यक जगह निकाल लिया गया है। प्रशासन ने पूर्व में लाल निशान तक चिन्हांकन कर जेसीबी के माध्यम से अवैध रूप से बने निर्माणों को हटाते हुए अतिक्रमण तोड़ दिया था। इस कार्रवाई को लगभग एक माह का समय बीत चुका है।
इसके बावजूद अब तक मैन चौराहे की सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे नगरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल उड़ने के कारण आमजन को सांस लेने में तकलीफ हो रही है तथा व्यापारिक गतिविधियाँ भी प्रभावित हो रही हैं। नागरिकों का कहना है कि जल्द से जल्द मैन चौराहे की सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
दूसरी ओर अतिक्रमण हटाने की मुहिम को लेकर दुकानदारों में अभी भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा कुछ दिन पूर्व पुनः एनाउंसमेंट कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, जिससे व्यापारी वर्ग आशंकित है कि कहीं फिर से कार्रवाई न हो जाए। जिन दुकानदारों की अवैध दुकानों को तोड़ा गया था, वे अब तक पुनर्निर्माण नहीं कर पाए हैं और उन्हें डर है कि दोबारा तोड़फोड़ की कार्रवाई हो सकती है।
नगरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समाप्त हो चुकी है, तो स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं, जिससे दुकानदार अपनी दुकानें पुनः बना सकें और व्यापार शुरू कर सकें। साथ ही नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर पोहरी चौराहे की सूरत सुधारने की मांग भी उठाई है।