जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शिवपुरी टीम अव्वल, आरजीएसए के तहत श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल स्टेडियम में हुआ आयोजन


शिवपुरी। नवाचार अंतर्गत पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के माध्यम से जिला स्तरीय एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल स्टेडियम, शिवपुरी में प्रातः 10 बजे किया गया। प्रतियोगिता में जिले की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रतियोगिता में शिवपुरी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को ₹21,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। नरवर टीम द्वितीय स्थान पर रही, जिसे ₹11,000 तथा करैरा टीम तृतीय स्थान पर रही, जिसे ₹5,000 की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।

विजेता एवं उपविजेता टीमों को जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी नरेंद्र नरवरिया, आरजीएसए जिला परियोजना प्रबंधक महेंद्र शर्मा, जिला खेल अधिकारी के.के. खरे तथा जनपद पंचायत शिवपुरी अध्यक्ष हेमलता रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने अपने संबोधन में पारंपरिक खेलों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि खेल भावना के विकास से खिलाड़ी जिला स्तर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। वहीं जिला पंचायत सीईओ ने युवाओं से खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.