खबर का असर : राष्ट्रीय ध्वज से खिलवाड़ के मामले में बीईओ ने गठित किया जांच दल



पोहरी | राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े गंभीर मामले को लेकर प्रकाशित समाचार का बड़ा असर देखने को मिला है। पोहरी विकासखंड अंतर्गत छर्च संकुल में 26 जनवरी से पूर्व ही नियमों के विरुद्ध राष्ट्रीय ध्वज फहराए जाने के प्रकरण में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अवधेश तोमर ने जांच दल गठित कर दिया है। बीईओ तोमर द्वारा गठित जांच दल में दो शिक्षकों को शामिल किया गया है, जिन्हें पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर तीन दिवस के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बीईओ ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों पर नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी।

क्या है पूरा मामला

पोहरी विकासखंड के छर्च संकुल में 25 जनवरी की रात को ही राष्ट्रीय ध्वज फहरा दिया गया, जबकि नियमानुसार ध्वजारोहण 26 जनवरी को ही किया जाना चाहिए। झंडे की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल हुईं, वैसे ही जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मामले को दबाने के उद्देश्य से आनन-फानन में झंडा उतार दिया गया और सबूत मिटाने के लिए फोटो व वीडियो तक डिलीट कर दिए गए।

प्रशासन पर उठे सवाल

राष्ट्रीय प्रतीक के साथ इस तरह की लापरवाही ने न केवल नियमों की अवहेलना उजागर की है, बल्कि जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि क्या दोषियों पर वास्तव में कार्यवाही होगी या मामला फाइलों में दबा दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.