शिवपुरी। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और रोटरी के संयुक्त तत्वावधान में रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अंतर्गत 17 से 24 मार्च तक मेडिकल कॉलेज शिवपुरी में वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शिविर में लगाई जाने वाली सभी मशीनें पूर्ण रूप से चालू अवस्था में हों और बेहतर गुणवत्ता की हों, ताकि मरीजों की जांच में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने साफ-सफाई की व्यवस्था को भी सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 11 या 12 मार्च को वे पुनः तैयारियों का निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने कहा कि शासन गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं सहित हर वर्ग की चिंता करता है और जरूरतमंदों की सहायता करना सरकार का दायित्व है। इस मेडिकल मिशन के माध्यम से शिवपुरी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकतम मरीजों को लाभान्वित किया जाएगा। शिविर में एम्स, अरविंदो हॉस्पिटल सहित विभिन्न प्रतिष्ठित अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सक नि:शुल्क परामर्श एवं उपचार देंगे।
बैठक में कलेक्टर श्री चौधरी ने बताया कि 17 से 24 मार्च तक आयोजित इस शिविर में जरूरतमंद मरीजों को चिन्हित कर भेजने के लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। अब तक लगभग 4200 मरीज पंजीयन करा चुके हैं, जबकि 551 मरीजों की स्क्रीनिंग पूर्ण हो चुकी है। ये मरीज सीधे विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त करेंगे।
शिविर की ब्लॉकवार व्यवस्था सीएम राइज स्कूल प्रांगण में की गई है। साथ ही जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में विभिन्न जांचों की समुचित व्यवस्था रहेगी। शहर के बाहर से आने वाले मरीजों की जांच के लिए अलग से प्रबंध किए जा रहे हैं। नियुक्त ऑपरेटर्स का प्रशिक्षण 7 मार्च से प्रारंभ होगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, ओएसडी पुरुषोत्तम पाराशर, रोटरी रीजनल मेडिकल मिशन के अध्यक्ष भूपेंद्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, पूर्व विधायक प्रहलाद भारती, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला, डीन डी. परमहंस, एसडीएम आनंद राजावत, सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषिश्वर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।