शिवपुरी। नगर में चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है। थाना क्षेत्र के गुर्जनी मंडी इलाके में अज्ञात बदमाशों ने एक गल्ला व्यापारी के गोदाम को निशाना बनाते हुए ताला तोड़ दिया और अंदर रखी सरसों की बोरियां लेकर फरार हो गए। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कृषि उपज मंडी में उपज खरीदी का कार्य करने वाली फर्म नारायण दास रामस्वरूप का गोदाम पुरानी मंडी क्षेत्र में स्थित है। व्यापारी ने हाल ही में लगभग 80 क्विंटल सरसों तौलकर गोदाम में भंडारित की थी। सुबह जब गोदाम खोला गया तो ताला टूटा मिला और अंदर से करीब 30 क्विंटल सरसों गायब थी।
बताया जा रहा है कि चोर सरसों की बोरियां ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले गए। मौके पर वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गई। चोरी गई सरसों की कीमत लगभग दो लाख रुपये आंकी जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश जारी है।