बड़वानी। नागलवाड़ी में आज प्रदेश की मोहन सरकार की कृषि कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। ग्रामीण परिवेश और खेत-खलिहानों के बीच होने जा रही यह बैठक कई मायनों में खास मानी जा रही है। सरकार सीधे किसानों के बीच बैठकर कृषि से जुड़े मुद्दों पर मंथन करेगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में फसल उत्पादन, सिंचाई सुविधाएं, समर्थन मूल्य, प्राकृतिक खेती, पशुपालन और ग्रामीण अधोसंरचना जैसे विषयों पर चर्चा संभावित है। निमाड़ अंचल में हो रही इस कैबिनेट को किसान हितों से जोड़कर देखा जा रहा है।
सरकार का फोकस खेती को लाभ का धंधा बनाने, आधुनिक तकनीक के विस्तार और किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा। बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान कृषि योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ कुछ नई घोषणाएं भी की जा सकती हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में कैबिनेट बैठक आयोजित करने के निर्णय को प्रतीकात्मक और रणनीतिक दोनों रूपों में अहम माना जा रहा है। इससे सरकार का संदेश साफ है कि नीति निर्माण अब सीधे खेतों की जमीन से जुड़कर होगा।