भोपाल। राजधानी में होली पर्व को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के 1500 से अधिक स्थानों पर होलिका दहन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन की निगरानी में व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।
निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार देर रात होलिका दहन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न कॉलोनियों, मोहल्लों और प्रमुख चौराहों पर लकड़ियों का संग्रह और सुरक्षा इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। प्रशासन द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि होलिका दहन निर्धारित स्थानों पर ही किया जाए और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
नगर निगम की टीमों ने साफ-सफाई, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। वहीं बिजली विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो।
पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहरभर में 2 हजार से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और मोबाइल पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।