माफ ही करना है तो, पूरे 14 वर्ष के बिजली बिल माफ करें शिवराज - कमलनाथ शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा, सरकारी यात्रा-

भोपाल,- प्रदेश काँग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज मैहर के दशहरा मैदान में आयोजित ऐतिहासिक विशाल आमसभा में मां शारदा को नमन करते हुए कहा कि मैं 20 साल पहले आम चुनाव में मैहर आया था। तब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी थी। अब फिर आया हूं, मां शारदा के आशीर्वाद से प्रदेश में फिर कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर, मगर, किंतु की बात नहीं है अब तो कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। कमलनाथ ने घोषणा की कि कांग्रेस की सरकार बनने पर मैहर को जिला बनाया जायेगा। आमसभा के पूर्व कमलनाथ ने माँ शारदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
कमलनाथ ने कहा कि मोदी गंगा साफ कर रहे थे, शिवराज नर्मदा साफ कर रहे थे। दोनों नदियां तो साफ नहीं र्हुइं पर बैंक जरूर साफ हो गए। मैं, नर्मदा किनारे हैलीकाप्टर से घूमा पर कहीं पेड़ नजर नहीं आये, बल्कि रेत के ढेर हर जगह नजर आये। शिवराज ने ना केवल नर्मदा बल्कि प्रदेश की हर नदी का यही हाल किया है। यह जनता की संपत्ति की खुली लूट है।
श्री नाथ ने कहा कि आज दलित, आदिवासी, किसान, मजदूर, युवा, महिलाऐं सब परेशान हैं। शिवराज जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। शिवराजसिंह की जन आशीर्वाद यात्रा, प्रशासन निकाल रहा है। छोटे से लेकर बड़ा कर्मचारी बस में लोगों को लेकर आ रहे हैं। जनता के पैसे से यात्रा निकाली जा रही है और मुख्यमंत्री अपना प्रचार कर रहे हैं। यह जन आशीर्वाद यात्रा नहीं, गुमराह यात्रा है।
    कमलनाथ ने कहा कि बीमा कंपनी को प्रीमियम किसानों ने दिया, बीमा किसानों ने कराया, बीमा राशि कंपनी दे रही है, पैसा शिवराज बांट रहे हैं। बांटने के लिए आयोजन कर रहे हैं। सरकारी खजाने को जमकर लुटा रहे हैं। किसानों को बोनस के नाम पर प्रलोभन दे रहे हैं। एक दो साल का बोनस क्यों बांट रहे हैं पूरे 5 साल का बोनस किसानों को दें। गरीबों का पिछले 14 साल का बिजली का बिल माफ करें। उन्होंने कहा कि यह सब शिवराज वोटों के लिए कर रहे हैं। शिवराज सरकार ने हजारों किसानों को थाना, कोर्ट, झूठे केस लगाकर बेइज्जत किया। कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी की घोषणा के अनुसार किसानों का कर्जा 10 दिनों में माफ किया जायेगा।

कमलनाथ ने जनता से आह्वान किया कि आप सच्चाई का साथ दें, भाजपा की कलाकारी की राजनीति को समझें। प्रदेश आज महंगाई, महिला अत्याचार, बेरोजगारी में, कुपोषण में, किसान आत्महत्या मे, भ्रष्टाचार के मामलों में नंबर वन है।

श्री नाथ ने कहा कि इन्वेस्टर्स मीट में करोड़ों खर्च करके जितने उद्योग लगे नहीं, उससे ज्यादा बंद हो गए। युवा कोई ठेका नहीं चाहता, न ही कमीशन चाहता है, वह तो रोजगार चाहता है। प्रदेश की तस्वीर आपके सामने है। सच्चाई आपके सामने है। सच्चाई का साथ दें और दूसरों को भी बतायें। जो योजनाएं सोनिया जी ने बनाई उन पर अपनी फोटो लगाकर शिवराज उसे अपनी बताते हैं।

श्री नाथ ने कहा कि मोदी ने स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट अप इंडिया के नाम पर युवाओं को ठगा है।प्रदेश का निर्माण अब युवा करेगा। भाजपा के लोग राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ाते हैं लेकिन एक भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाम बताएं जो उनकी पार्टी का हो।

कमलनाथ ने कहा कि हम मध्यप्रदेश में नयी व्यवस्था बनायेंगे। नयी व्यवस्था में किसान, मजदूर, युवा, महिला हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने धन्यवाद देते हुए कहा कि आप लोगों ने यहाँ उपस्थित होकर कांग्रेस का मान बढ़ाया है।
नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह ने सभी सात विधानसभाओं से आये लोगो को शपथ दिलाई कि वो अपना समर्थन कांग्रेस को ही देंगे। पिछले दिनों शिवराजसिंह की जन आशीर्वाद यात्रा में इसकी एक चौथाई भीड़ नहीं थी। पूरा प्रशासन उनकी जन आशीर्वाद यात्रा में भीड़ लाने में लग जाता है। जबकि यहां सातों विधानसभा से लोग अपना पैसा लगाकर आये हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ साधारण नेता नहीं है। उन्हें पद की लालसा नहीं है, वो अध्यक्ष पद के लिए नहीं बने हैं, उनका उद्देश्य कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह को मुख्यमंत्री बनवाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

विधानसभा उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने कहा कि शिवराज सिर्फ़ झूठी बातें करते हैं। असत्य बोलना उनकी आदत है। नीति आयोग मोदी सरकार का ही है। उसके आंकड़े बताते हैं कि नीचे से तीसरे नंबर का राज्य है, मध्यप्रदेश। पिछले पंद्रह दिन की जन आशीर्वाद यात्रा में वो चालीस हजार करोड़ की घोषणायें कर चुके हैं, जबकि प्रदेश का खजाना खाली है।

आरंभ में सेवादल के सदस्यों ने गार्ड आॅफ आॅनर दिया। आमसभा में 300 लोगों ने कमलनाथ के समक्ष काँग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रसिद्ध गायक अनूप जलोटा ने अपनी सुमधुर आवाज में कर्णप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी।

सभा में ऐतिहासिक जनसमूह कमलनाथ को सुनने के लिए दूर-दूर से आया था, सभा स्थल खचाखच भरा था, सभा स्थल से आने-जाने वाले रास्ते जाम हो गये थे।

पूर्व मंत्री सईद अहमद,पूर्व मंत्री इंद्रजीत सिंह पटेल, सांसद राजमणि पटेल, विधायक गण यादवेंद्र सिंह जी, निलांशु चतुर्वेदी, सुंदर लाल तिवारी, सुखेंद्र सिंह बना, सौरभ सिंह, यादवेंद्र सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा सतना, गुरमीत सिंह मंगू रीवा, गुमान सिंह कटनी, मप्र कांग्रेस कमेटी सचिव गण विक्रमादित्य सिंह, अजीत सिंह, प्रभारी महामंत्री  नरेश सराफ, महेंद्र सिंह चैहान, आयोजक व मैहर नगर पालिका अध्यक्ष धर्मेश घई, किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सतना पुष्प राज सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्रीकांत चतुर्वेदी जी, अल्पसंख्यक कांग्रेस अध्यक्ष सतना अब्दुल जब्बार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सतना श्रीमती गीता सिंह, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मैहर वीरेंद्र कुशवाहा आदि उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.