शिवपुरी। इस बार हो रही कम बारिश के कारण करैरा, पोहरी, भितरवार और डबरा विधानसभा के किसानों की धान की फसल सूख रही थी और किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें दिनों दिन बढ़ती जा रही थीं। किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत द्वारा इस संबंध में दो बार प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से भी, लेकिन अधिकारी लगातार मोहनी डैम में कम पानी होने का हवाला देकर टालमटोल रवैया अपना रहे थे। कल चारों विधानसभाओं के हजारों की संख्या में किसान मोहनी डैम पर नहर खोलने के लिए पहुंच गए, जैसे ही इस बात की भनक किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष श्री रावत को लगी तो वह भी पहुंचे उन्होंने किसानों को समझाया, साथ ही इस बात की जानकारी तुरंत केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर को दी। श्री तोमर ने मुख्यमंत्री चौहान से संपर्क कर घटना से अवगत कराया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत प्रशासन को नहर खोलने के आदेश दिए और अधिकारियों ने आनन-फानन में दोआब और आरबीसी नहर को खोल दिया। नहर खुलने के बाद श्री रावत ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह किसान हितैषी हैं और वह किसानों के हित के लिए किसी भी हद तक निर्णय ले सकते हैं। श्री रावत ने कहा आज डैम में कम पानी होने के बावजूद भी किसानों की धान की फसल की चिंता करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में निर्णय लिया। नहर खुलने के बाद किसानों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और किसानों ने भाजपा जिंदाबाद, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नरेन्द्र सिंह तोमर और रणवीर सिंह रावत जिंदाबार के नारे लगाए।
मुख्यमंत्री ने फोन के माध्यम से किसानों को किया संबोधित-किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमेन्द्र सोनू बिरथरे ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष को फोन लगाया तो श्री रावत ने उन्हें बताया कि इस समय हजारों किसान मौजूद हैं और हमारे पास माइक भी है। इसके बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने फोन के माध्यम से किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पानी आपका ही है और आपको अभी से मिलेगा। आप इसे बर्बाद न होने दें। कम पानी होने के बावजूद भी आपकी धान की फसल के लिए पानी मुहैया कराया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद तुरंत प्रशासन ने नहरों को खोल दिया गया।
आखिर प्रदेशाध्यक्ष रावत की मेहनत लाई रंग-यहां बता दें कि किसानों के चेहरों पर खुशी लाने के लिए किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत कई दिनों से प्रयासरत थे। इस दौरान वह भोपाल में दो बार मुख्यमंत्री श्री चौहान से भी मिले। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल को जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव राधेश्याम जुलानिया से चर्चा करने के लिए निर्देशित किया, लेकिन श्री जुलानिया ने पानी कम होने की बात कहकर इंतजार करने की बात कही। इसके बाद श्री रावत 12 अगस्त को चारों विधानसभा के 700 से 800 किसानों के साथ केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर से मिले। श्री तोमर ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से लगातार संपर्क बनाए रखा और आखिकर प्रदेशाध्यक्ष श्री रावत की मेहनत रंग लाई और किसानों के लिए दोआब और आरबीसी नहर खोल दी गईं। नहर खुलने के बाद किसानों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने इसके लिए श्री रावत को धन्यवाद देते हुए उनका फूल माला पहनाकर स्वागत किया।
इनका कहना है
माननीय मुख्यमंत्री जी, क्षेत्रीय सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर जी एवं मंत्री नरोत्तम मिश्रा जी का किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते सभी किसान भाईयों की ओर से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। पानी की कमी होने के कारण पिछले दिनों से किसान चिंतित थे और अधिकारियों की चिंता भी जाहिर है। भाजपा की
सरकार किसानों की सरकार है और आज एक छोटे से कार्यकर्ता के फोन के माध्यम से आज मुख्यमंत्री जी ने किसानों से बात की, यह मुख्यमंत्री जी का किसानों के प्रति समर्पण हैं। उन्होंने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार किसानों की सरकार है और माननीय मुख्यमंत्री का दिल किसानों के लिए दिन रात तड़पता है। आज इस निर्णय के माध्यम से हम सब खुश हैं।
रणवीर सिंह रावत
प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा किसान मोर्चा म.प्र.