भिंड। भिंड में बदमाशों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार की रात दो बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। घायल युवक को ईलाज के लिए जिला हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मामला देहात थाना इलाके के नेशनल हाईवे 92 का है। दरअसल बिशाल भदौरिया नाम का युवक गुरुवार की रात बस स्टैंड इलाके से अपने घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही विशाल की बाइक हाईवे पर राजेन्द्र कॉन्वेंट स्कूल के पास पहुँची, तभी सामने से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने विशाल को घेर लिया। इनमे से एक बदमाश ने विशाल पर गोली चला दी। गोली विशाल के पेट मे लगी। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घायल विशाल को जिला हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां विशाल का उपचार किया जा रहा है। विशाल का कहना है कि गोली मारने वाले बदमाश का नाम प्रदीप यादव है। प्रदीप से विशाल का पुराना विवाद चला आ रहा है। इसी विवाद के चलते विशाल को गोली मारी गई है। अभी तीन दिन पहले भी हाईवे पर ही चार लोगों को गोली मार दी गई थी, जिसमे से दो लोगो की मौके पर ही मौत हो गई थी। गोलीबारी की ये वारदातें इस बात की गवाह है कि जिले में बदमाशों के दिल से खाकी का खौफ खत्म होता जा रहा है। शायद यही वजह है कि बदमाश बीच सड़क पर गोलीबारी की वारदातों को अंजाम दे रहे है।