बुंदेलखंड में कहते हैं कि ड्योढ़ लगी रहती है, तब गृहस्थी चलती है, ठीक ऐसे ही हमारा संसार चलता है: अाचार्यश्री

खुरई-हमारे अपने कर्म और हमारा अपना शरीर हमारे संसार के भ्रमण का और इस विविधता का कारण है। यहां तक, हमने इस बात को समझ लिया। कर्म कैसे हैं, वे हमारे साथ बंधते भी है, वे हमारे भोगने में भी आते हैं, वे हमारे करने में भी आते हैं।
तीन तरह के हैं, कुछ कर्म हैं जो हम करते हैं, कुछ कर्म हैं जिनका हम फल भोगते हैं। कुछ कर्म हैं जो हमारे साथ फिर से आगे की यात्रा में शामिल हो जाते हैं और इस तरह से यह यात्रा विषयाें का चक्र है इसलिए संसार को चक्र माना है जिसमें निरंतरता बनी रहती है। यह बात नवीन जैन मंदिर के मंगलधाम परिसर में प्रवचन देते हुए अाचार्यश्री विद्यासागर महाराज ने कही।
उन्होंने कहा कि ठीक एक गृहस्थी की तरह जैसे किसी गृहस्थी चलाने वाली मां को हमेशा इस बात का ध्यान रखना पड़ता है कि शक्कर कितने दिन की बची और गेहूं कितने दिन का बचा और आटा कितने दिन का बचा। इसके पहले कि वो डिब्बे में हाथ डालकर पूरा साफ करे। ऐसा मौका आता ही नहीं है, दूसरी तैयारी हो जाती है। बुंदेलखंड में कहते हैं कि ड्योढ़ लगी रहती है, तब गृहस्थी चलती है। ड्योढ़ लगी रहती है, मतलब कोई भी चीज एकदम खत्म नहीं होती, खत्म होने के कुछ घंटे पहले ही सही वो शामिल हो जाती है तब चलती है गृहस्थी। ठीक ऐसे ही हमारा संसार चलता है। आचार्यश्री ने कहा कि हम जो भोगते हैं, उसके भोगते समय सावधानी और असावधानी हमारी होती है। दो ही चीजें हैं हमारी अपनी असावधानी जिसको हम अपनी अज्ञानता कह लें, हमारी अपनी आसक्ति। इनसे ही मैं अपने जीवन को विकारी बनाता हूं और इसके लिए मुझे करना क्या चाहिए। मेरे आचरण की निर्मलता और दूसरी मेरी अपनी साधना....समता की साधना। ये दो चीजें हैं। इस संसार की विविधता से बचने के लिए। कुल दो इतना ही मामला है और इतने में ही कुछ लोगों को समझ में आ सकता है, कुछ लोगों को इतने में समझ में नहीं आ सकता। तो आचार्य भगवन्त, तो श्री गुरू तो सभी जीवों का उपकार चाहते हैं।
तो फिर इसका विस्तार करते हैं और वह विस्तार अपन करेंगे। जो विस्तार रुचि वाले शिष्य हैं, उनको विस्तार से समझ में आता है जो संक्षेप रुचि वाले हैं उनको बात इतनी ही है समझने की और मध्यम बुद्धि वाले हैं उनको तो विस्तार करके बताना होगी।
   संकलन अभिषेक जैन लुहाड़ीया रामगंजमंडी

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.