भोपाल-मुनिश्री प्रमाण सागर व मुनिश्री अरह सागर का शुक्रवार शाम को हिरदाराम नगर से राजधानी में मंगल प्रवेश हुआ। धर्मावलंबियों ने मुनिद्वय के चरण पखार कर जयकारों के साथ अगवानी की। दोपहर में खजूरी ग्राम से जब मुनिद्वय का पद विहार प्रारंभ हुआ तो धर्मावलंबी हाथों में धर्मध्वजा थामे जयकारों के साथ पद विहार में शामिल होने लगे थे। बैरागढ़ पहुंचने पर बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने अगवानी की। मुनिद्वय ने बैरागढ़ जैन मंदिर में जिन प्रतिमाओं की वंदना की।
यहां मुनिश्री प्रमाण सागर जी महाराज ने कहा कि साहस साधना और साध्य तीनों का मिलन मोक्ष मार्ग है। साधना का सहारा लेकर साधक अपने साध्य मोक्ष को पाता है। शनिवार को मुनिश्री की नंदीश्वर जिनालय लालघाटी में अगवानी की जाएगी। यहां प्रतिमाओं की वंदना के बाद मुनिश्री की धर्मसभा होगी। यहीं आहारचर्या सम्पन्न होगी।
संकलन अभिषेक जैन लुहादीया रामगंजमंडी