सिंधिया की मोदी कैबिनेट में एंट्री तय,मिलेगा ये विभाग?



भोपाल-राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को जल्द ही केंद्रीय कैबिनेट में एंट्री मिलना करीब-करीब तय है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने अपने कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं जिसमें सिंधिया को भी जगह दी जाएगी। संभावना है कि उन्हें रेल या मानव संसाधन जैसा महत्वपूर्ण विभाग दिया जा सकता है।

सिंधिया-समर्थक एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि मोदी कैबिनेट का इसी महीने विस्तार होने वाला है। इसमें ज्योतिरादित्य सिंधिया को शामिल किया जाना लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि सिंधिया को रेल मंत्रालय मिल सकता है। एक्टिव मंत्री की उनकी छवि को देखते हुए सिंधिया को मानव संसाधन या शहरी विकास मंत्रालय भी दिया जा सकता है।
करीब 15 महीने पहले सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ बीजेपी का दामन थामा था। उनके दलबदल से मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिवराज सिंह चौहान नए मुख्यमंत्री बने और सिंधिया-समर्थक विधायकों को अपनी कैबिनेट में शामिल किया था। तभी से सिंधिया को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल करने की चर्चाएं भी चल रही हैं।

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने के बाद केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल की तैयारी हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ बैठक की है। माना जा रहा है कि फेरबदल में कुछ युवा चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। सिंधिया के साथ दो पूर्व मुख्यमंत्रियों- महाराष्ट्र के देवेंद्र फड़नवीस और असम के सर्वानंद सोनोवाल को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलना करीब-करीब तय माना जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.