राजनीतिक हलचल-पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री बदले जाने की चर्चाओं को हवा दे रहे हैं। उन्होंने सोमवार को कहा कि अब मध्यप्रदेश BJP में मुख्यमंत्री के लिए केवल दो ही उम्मीदवार दौड़ में रह गए हैं। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से उम्मीदवार हैं, जबकि संघ प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा को CM की कुर्सी देना चाहता है।
दिग्विजय सिंह के बयान पर गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पलटवार किया है। मंत्री ने कहा कि दिग्विजय सिंह पहले यह तय कर लें कि कमलनाथ दो पदों पर रहेंगे या नहीं? अभी तक उनकी पार्टी (कांग्रेस) का राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बन पाया। कार्यकारी अध्यक्ष से काम चल रहा है। दिग्विजय को इस पर ध्यान देना चाहिए। मंत्री मिश्रा ने कहा कि हमें पता है कि वे किसके कहने पर बता रहे हैं। यह हम तब बताएंगे, जब वे नाम जारी कर देंगे, लेकिन दिग्विजय द्वारा नाम सार्वजनिक करने के बाद डॉक्टर मिश्रा की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
दिग्विजय के सियासी बयानों ने BJP में हलचल मचा दी है। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया पर कहा था- मध्यप्रदेश BJP में मुख्यमंत्री बनने के कई दावेदार हैं। मैं कल (सोमवार) यह सूची जारी करूंगा। हालांकि दिग्विजय के इस बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से जब यह सवाल किया, तो वे कुछ सेकेंड चुप रहे। फिर बोले- दिग्विजय की टिप्पणी पर कुछ कहने की जरूरत है क्या?
