कलेक्टर ने किया कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा वैज्ञानिक परीक्षण प्रयोग का अवलोकन
0
Wednesday, January 05, 2022
शिवपुरी- विकासखण्ड शिवपुरी के ग्राम किरौली में कृषक श्री हरवंत सिंह के खेतों पर कृषि विज्ञान केन्द्र, शिवपुरी के वैज्ञानिक डॉ. शैलेन्द्र सिंह कुशवाह, वरिष्ठ वैज्ञानिक (सस्य विज्ञान) द्वारा ‘‘गेहूं की शून्य बिजाई तकनीक‘‘ पर डाले गये अनुसंधान प्रयोग का जिले के कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह द्वारा अवलोकन किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह को तकनीक से जुड़े वैज्ञानिक डॉ. कुशवाह ने बताया कि इस तकनीक के द्वारा कृषक को प्रति हैक्टर 6 हजार रूपये तक की बचत के साथ-साथ एक माह पूर्व ही धान काटने के बाद समय पर ही गेहूं की बोनी हो जाती है। साथ ही कृषक को 15-20 प्रतिशत उपज भी अधिक मिलेगी।
कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रधान वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ.एस.पी.सिंह ने बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र की इस अभिनव पहल को कृषि विभाग के माध्यम से जिले में धान-गेहूँ क्षेत्र में अधिक से अधिक क्षेत्र में फैलाने की आवश्यकता है। भ्रमण के दौरान जिले के उपसंचालक कृषि श्री यू.एस.तोमर ने बताया कि आगामी माहों में जिले के कृषकों को इस तकनीक के अवलोकनार्थ भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उक्त कार्यक्रम में भ्रमण के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र शिवपुरी के डॉ.जे.सी.गुप्ता, पौध संरक्षण वैज्ञानिक, जिले के सहायक संचालक उद्यानिकी श्री कुशवाह के साथ-साथ जिले के कई अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
Tags
