शिवपुरी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बागेश्वर धाम में आयोजित 300 कन्याओं का सामूहिक विवाह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और सेवा भावना की सशक्त मिसाल बनकर सामने आया। इस ऐतिहासिक पहल में देश के 10 राज्यों के साथ-साथ पड़ोसी देश नेपाल तक की कन्याओं का चयन किया गया, जिनमें मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की बेटियों को भी शामिल किया गया।
बागेश्वर धाम सरकार के सानिध्य में संपन्न इस आयोजन ने सामाजिक समरसता, नारी सम्मान और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सशक्तिकरण का संदेश दिया। विवाह समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिससे पूरा धाम क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व शिवपुरी में आयोजित बागेश्वर धाम सरकार की भव्य कथा ने भी इतिहास रचा था। इस धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं ने भाग लिया था और पूरा शिवपुरी शहर भगवा रंग में रंग गया था। कथा आयोजन ने न केवल धार्मिक चेतना को जागृत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ किया।
इन सभी आयोजनों के सफल संचालन में समाजसेवी और उद्योगपति कपिल गुप्ता, कपिल मोटर्स शिवपुरी का योगदान विशेष रूप से सराहनीय रहा। उनके सहयोग और सेवा भाव ने आयोजन को भव्यता प्रदान की और समाज के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।
महाशिवरात्रि पर आयोजित यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा, जो यह दर्शाता है कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भी सामाजिक बदलाव और जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त किया जा सकता है।