पोहरी। शासकीय एल.एस.जी.के. महाविद्यालय, पोहरी में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत संचालित रोजगारोन्मुख अल्प अवधि प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिले के नोडल अधिकारी डॉ. एस. एस. खंडेलवाल तथा विशिष्ट अतिथि लीड कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पवन श्रीवास्तव रहे। मंच संचालन डॉ. प्रियंका भार्गव द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के प्रभारी एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेपाल सिंह धाकड़ ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण में सहभागी छात्रों शैलेंद्र धाकड़, रौनक गुप्ता एवं सलोनी शिवहरे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कंप्यूटर की मूलभूत जानकारी के साथ एमएस वर्ड, पावरपॉइंट, एमएस एक्सेल, एमपी ऑनलाइन से संबंधित विभिन्न कार्य, डिजिलॉकर, इंटरनेट का प्रभावी उपयोग तथा साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर डॉ. आनंद मिश्रा ने प्रशिक्षण को विद्यार्थियों के भविष्य के लिए उपयोगी बताते हुए उन्हें कौशल विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने हेतु प्रेरित किया। मुख्य अतिथि डॉ. एस. एस. खंडेलवाल ने कार्यक्रम की सफलता की सराहना करते हुए छात्रों की सक्रिय सहभागिता को सराहनीय बताया। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. पवन श्रीवास्तव ने डिजिटल युग में ऐसे प्रशिक्षणों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि डिजिटल माध्यमों का सही उपयोग कर अनेक सकारात्मक कार्य किए जा सकते हैं, वहीं लापरवाही से नुकसान की भी संभावना रहती है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सहभागी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समापन अवसर पर डॉ. नेपाल सिंह धाकड़ ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, महाविद्यालय प्रशासन एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा तथा सभी सहभागी एवं अन्य छात्र-छात्राओं को स्वल्पाहार स्वरूप नमकीन, बिस्किट, समोसे एवं लड्डू वितरित किए गए।