किसान कल्याण वर्ष की शुरुआत, शिवपुरी में निकाली गई भव्य मोटरसाइकिल रैली


शिवपुरी। वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में आज 31 जनवरी से जिले में किसान कल्याण वर्ष का वातावरण निर्मित करने हेतु विभिन्न गतिविधियों की शुरुआत की गई। इसी क्रम में मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा जिला स्तरीय मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया।

किसान कल्याण वर्ष 2026 के शुभारंभ अवसर पर मोटरसाइकिल रैली को जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य एवं पूर्व सांसद प्रतिनिधि हरवीर सिंह रघुवंशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का नेतृत्व पानसिंह करोरिया, उप संचालक सह परियोजना संचालक आत्मा द्वारा किया गया।

इस रैली में जिले के अनेक प्रगतिशील एवं नवाचारी किसानों के साथ-साथ कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मोटरसाइकिल रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण करती हुई जिला कार्यालय परिसर में संपन्न हुई।

रैली के माध्यम से शासकीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार, किसानों के प्रति सम्मान एवं जागरूकता का संदेश दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.