शिवपुरी। पिछोर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री लोहागढ़ सरकार मंदिर परिसर में आज भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर में आयोजित भजन-कीर्तन के दौरान पिछोर विधायक पीतम लोधी मंडली के साथ मंजीरा बजाते हुए भक्ति रस में लीन नजर आए।
भजनों की मधुर धुनों और भक्तिमय वातावरण के बीच विधायक पीतम लोधी ने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान की आराधना की। संगीत के साथ ताल मिलाते हुए उन्होंने कुछ आनंदमय पल बिताए, जिससे मंदिर परिसर भक्तिभाव और उल्लास से भर उठा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने संगीतमय भजनों का आनंद लिया और वातावरण पूरी तरह धार्मिक व सकारात्मक ऊर्जा से ओतप्रोत नजर आया। विधायक की सादगी और भक्ति भावना को देखकर उपस्थित लोगों ने सराहना की।