करैरा सीएचसी बना रणक्षेत्र: कुर्सियों और स्ट्रेचर उछले, मारपीट का वीडियो वायरल


शिवपुरी। करैरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शुक्रवार को उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब दो पक्षों के बीच हुई मारपीट ने पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा दिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि कुर्सियों के साथ-साथ स्ट्रेचर तक एक-दूसरे पर फेंके गए। घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीज और उनके परिजन दहशत में आ गए। अस्पताल में हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गांव के विवाद से अस्पताल तक पहुंची हिंसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रमगढ़ा में खेत पर मशीन चलाने को लेकर पहले गांव में दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के दौरान लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी करैरा लाया गया। अस्पताल में आमने-सामने आने के बाद पुरानी रंजिश फिर भड़क उठी और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।

अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी
मारपीट के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोग एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और कुर्सियां व स्ट्रेचर इधर-उधर उछाले जा रहे हैं। इस घटना के चलते कुछ समय के लिए अस्पताल की व्यवस्थाएं भी प्रभावित रहीं।

पुलिस ने किया हस्तक्षेप
मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल भी अस्पताल पहुंचा, जिसके बाद हालात काबू में आ सके।

15 पर एफआईआर, 6 आरोपी जेल भेजे गए
थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और विवाद की शुरुआत गांव में हुई थी। मेडिकल कराने के दौरान अस्पताल में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए, जिससे मारपीट की घटना हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 15 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.