छतरपुर। जिले के नौगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लुगासी चौकी के ग्राम लुगासी में शराब के नशे में एक युवक द्वारा नाबालिग भतीजे पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीती रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिस आरक्षक को भी गंभीर चोटें आई हैं। दोनों का जिला अस्पताल छतरपुर में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लुगासी निवासी रवि अहिरवार शराब के नशे में अपने पिता महादेव अहिरवार एवं माता राजकुमारी के साथ मारपीट कर रहा था। इस घटना की शिकायत करने माता-पिता लुगासी चौकी पहुंचे थे। शिकायत के बाद जब वे अपने नाबालिग भतीजे के साथ वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी रवि अहिरवार ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
हमले के दौरान आरोपी ने नाबालिग के सिर पर डंडों से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही लुगासी चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल नाबालिग को तत्काल जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लुगासी चौकी में पदस्थ आरक्षक जितेंद्र अहिरवार पर भी आरोपी व उसके परिजनों द्वारा हमला किया गया, जिससे आरक्षक के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत भी नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। नौगांव थाना प्रभारी वाल्मीकि चौबे ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें लाठी-डंडों से हमला और विवाद की स्थिति स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है।