गुणवत्ता के साथ समय पर पूरी करें जलापूर्ति योजनाएं – कलेक्टर



शिवपुरी। जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, समिति सदस्य, पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री चौधरी ने जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है, इसके लिए अधिकारी तीव्र गति से कार्य करें। जिन गांवों में पेयजल की समस्या अधिक रहती है, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। हैंडपंप की मांग समय पर शासन को भेजी जाए, ताकि गर्मी के मौसम में ग्रामीणों को परेशानी न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नल-जल योजनाएं बिजली बाधा के कारण प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री ने जानकारी दी कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में कुल 1262 योजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 536 योजनाओं का कार्य भौतिक रूप से पूर्ण कर एकल नलजल योजना के तहत भू-जल से जलापूर्ति की जा रही है। शेष योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। साथ ही 307 ग्रामों में जल निगम द्वारा जलापूर्ति की प्रक्रिया जारी है। एक ग्राम योजना के तहत जिले के 59 ग्रामों में लगभग 15 फरवरी तक पूर्ण रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।

जल निगम के अधिकारियों ने बताया कि मड़ीखेड़ा समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत शेष रहा इंटेकवेल का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पानी ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंच चुका है, जिसकी टेस्टिंग शेष है। इस पर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि टेस्टिंग के दौरान जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत 289 टंकियों का कार्य पूर्ण हो चुका है।

बसई-2 समूह जल प्रदाय योजना की समीक्षा में बताया गया कि इंटेकवेल का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य पूरा कर टेस्टिंग की जानी है। वहीं महुअर समूह जल प्रदाय योजना में ट्रीटमेंट प्लांट का 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य मार्च माह तक पूर्ण कर संबंधित ग्रामों को शीघ्र जलापूर्ति शुरू की जाएगी।

कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि जिले के ग्रामीण अंचलों को निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.