– चाबी छीनी तो भड़के विधायक के भाई, खाकी ने भी दिखाया तेवर
शिवपुरी। कानून सबके लिए बराबर होता है… यह लाइन शिवपुरी के नरवर थाना क्षेत्र में उस वक्त मज़ाक बनकर रह गई, जब बिना हेलमेट बाइक चला रहे भाजपा विधायक के भाई को रोकना पुलिस को भारी पड़ गया। मामला इतना बिगड़ा कि सत्ता के रसूख और वर्दी के रौब के बीच सरेआम तीखी नोकझोंक हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।
घटना नरवर थाने के ठीक बाहर की है, जहां पुलिस वाहन चेकिंग में जुटी थी। इसी दौरान करैरा से भाजपा विधायक रमेश खटीक के टीचर भाई भाग्यचंद्र खटीक बिना हेलमेट बाइक चलाते पकड़े गए। पुलिस ने नियम के तहत रोका तो विधायक के भाई आपा खो बैठे और पुलिसकर्मियों पर रौब झाड़ने लगे।
चाबी निकालते ही फूटा गुस्सा
स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक पुलिसकर्मी ने बाइक की चाबी निकाल ली। बस फिर क्या था, विधायक के भाई बाइक से उतरकर पुलिसकर्मी से भिड़ गए और गुस्से में बोले—
“चाबी कैसे निकाली? अब तो तू घर आकर गाड़ी छोड़ेगा!”
जवाब में पुलिसकर्मी ने भी पलटवार किया—
“कोई घर नहीं आएगा, वर्दी यहीं उतारूं क्या?”
तनाव बढ़ता देख पुलिसकर्मी ने चाबी थाने परिसर में फेंक दी, लेकिन इससे मामला शांत होने के बजाय और भड़क गया। विधायक के भाई पुलिस को कानून का पाठ पढ़ाते नजर आए, तो वहीं पुलिसकर्मी भी संयम की सीमा लांघते दिखाई दिए।
रसूख बनाम नियम
सत्ता के नशे में चूर विधायक के भाई जहां खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे, वहीं पुलिसकर्मी भी बाइक की चाबी निकालकर फेंकते हुए कानून का उल्लंघन करते कैमरे में कैद हो गए।
अब सवाल उठता है—
🔴 क्या कानून सिर्फ आम जनता के लिए है?
🔴 क्या वर्दी में बैठे जिम्मेदारों को संयम नहीं बरतना चाहिए?
🔴 और क्या सत्ता के रसूख के आगे नियम बौने पड़ जाएंगे?
फिलहाल यह पूरा घटनाक्रम सोशल मीडिया पर वायरल है और जनता दोनों पक्षों की भूमिका पर सवाल खड़े कर रही है।