बुरहानपुर। बुरहानपुर में 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र का फोटो मोबाइल स्टेटस पर डाले जाने से जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कलेक्टर हर्ष सिंह मौके पर पहुंचे और संबंधित शिक्षिका को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह 9:35 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि तुकईथड की प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी द्वारा अपने WhatsApp स्टेटस पर परीक्षा से संबंधित फोटो अपलोड की गई है। प्रथम दृष्टया यह प्रश्नपत्र प्रतीत होने पर एडीएम से जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि शिक्षिका ने सुबह लगभग 9:06 बजे अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र की फोटो स्टेटस पर लगाई थी।
इसके बाद कलेक्टर व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने तुकईथड उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर पूछताछ की। शिक्षिका ने स्वीकार किया कि उसने अनुपस्थित छात्र की टेबल से प्रश्नपत्र की फोटो लेकर एक अन्य व्यक्ति को भेजी, ताकि उत्तर हल कर छात्रों को नकल कराई जा सके।
सूचना मिलते ही शिक्षिका को परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया गया तथा केंद्र अध्यक्ष को भी बदल दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि केंद्र में उपस्थित 109 विद्यार्थियों को सुबह 8:40 बजे से पहले प्रवेश दिया गया था और प्रश्नपत्र नियत समय पर वितरित किए गए। परीक्षा सुचारू रूप से संपन्न कराई गई।
मामले में शिक्षिका और केंद्र अध्यक्ष दोनों को निलंबित कर दिया गया है। शिक्षिका को पुलिस थाने भेजकर पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।