शिवपुरी, वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी विकास खंडों में कृषि रथ के माध्यम से कृषकों को जागरूक किया जा रहा है।
यह कृषि रथ निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार प्रतिदिन प्रत्येक विकास खण्ड की तीन ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर रहा है। रथ के माध्यम से कृषि विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ पशुपालन, उद्यानिकी, कृषि अभियांत्रिकी एवं मत्स्य पालन विभाग की योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीण जनों को प्रदान की जा रही है।
प्रत्येक विकासखण्ड में कृषि रथ के साथ तकनीकी दल के रूप में अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं तथा कृषकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देते हुए नरवाई/पराली न जलाने एवं इससे होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
नरवाई प्रबंधन हेतु कृषकों को सुपरसीडर, हैप्पीसीडर, बेलर एवं स्ट्रॉ रीपर जैसे कृषि यंत्रों के उपयोग की सलाह दी जा रही है। इसके अतिरिक्त किसानों को खाद प्राप्त करने में होने वाली असुविधा से बचाने के लिए शासन की नवीन ई-विकास प्रणाली के माध्यम से सरल एवं बिना भीड़-भाड़ के खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई जा रही है तथा मौके पर ही कृषि मैदानी अमले द्वारा पंजीयन भी किया जा रहा है। विकासखण्ड स्तर पर कृषि रथ के भ्रमण के दौरान शासन की योजनाओं के प्रचार-प्रसार में जनप्रतिनिधियों का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।
