होटल के कमरे में छात्रा की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में जुटी


शिवपुरी। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत युवराज होटल के एक कमरे में 20 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार सेसई निवासी नैनसी राठौर (20) शहर के एक शासकीय कॉलेज में अध्ययनरत थी। बताया जा रहा है कि वह सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से फार्म भरने की बात कहकर शिवपुरी के लिए निकली थी। इसके बाद वह गांव के ही रहने वाले युवक अंकुश के साथ युवराज होटल पहुंची, जहां दोनों ने कमरा लिया। होटल के कमरे में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आ रही है, जिसके बाद युवती की मौत हो गई।

बताया गया है कि युवती के बेसुध होने पर युवक उसे एमएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फिजिकल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती की मौत आत्महत्या से हुई या इसमें किसी अन्य कारण की भूमिका है। युवती के पिता ने बताया कि उनकी बेटी सुबह घर से फार्म भरने की बात कहकर निकली थी और बाद में उसकी मौत की सूचना मिली। उन्होंने यह भी बताया कि जिस युवक के साथ उसका नाम सामने आ रहा है, वह गांव का ही रहने वाला है और हाल ही में बाहर नौकरी से गांव लौटा था। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.