पोहरी। शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में शिवपुरी-श्योपुर हाईवे किनारे बने नव निर्मित तालाब में डूबे युवक की तलाश चौथे दिन भी जारी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। सुबह से ही प्रशासन द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। मौके पर थाना प्रभारी नरेंद्र कुशवाह, पुलिस बल, एसडीआरएफ के अधिकारी, जवान और स्थानीय गोताखोर मौजूद रहे।
जानकारी के अनुसार किला पोहरी निवासी 29 वर्षीय रंजीत धानुक पुत्र स्व. ब्रजमोहन धानुक बुधवार दोपहर पड़ोस में रहने वाले बच्चे कान्हा के साथ तालाब पर गया था। बताया जा रहा है कि रंजीत नहाने के लिए तालाब में उतरा और आधा तालाब पार करने के बाद अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना को बच्चे कान्हा ने देख लिया और तत्काल परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए थे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर लगातार सर्चिंग कराई जा रही है। पिछले तीन दिनों से चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है। शुक्रवार को एक बार फिर एसडीआरएफ के जवान डीप डाइविंग किट पहनकर तालाब में उतरे और गहराई में सर्चिंग की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।
प्रशासन द्वारा लगातार तालाब के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की जा रही है। परिजन घटनास्थल पर मौजूद हैं और युवक के मिलने का इंतजार कर रहे हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।