पोहरी तालाब में डूबे युवक का तीसरे दिन भी सुराग नहीं, परिजनों ने बस स्टैंड पर लगाया जाम

शिवपुरी। पोहरी में शिवपुरी–श्योपुर हाईवे किनारे बने नव निर्मित तालाब में डूबे 29 वर्षीय युवक का तीसरे दिन भी कोई पता नहीं चल सका है। लगातार चल रही सर्चिंग के बावजूद सफलता नहीं मिलने से आक्रोशित परिजनों ने बस स्टैंड पर करीब 30 मिनट तक चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया।

मौके पर पोहरी एसडीओपी आनंद राय, थाना प्रभारी नरेंद्र कुशवाह, नायब तहसीलदार सुनील यादव तथा नगर परिषद की टीम भी पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद एक बार फिर प्रशासन ने सर्चिंग की तैयारियां तेज कर दीं। एसडीईआरएफ के जवान डीप डाइविंग किट पहनकर तालाब में उतरे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
गौरतलब है कि किला पोहरी निवासी रंजीत धानुक (29) पुत्र स्वर्गीय ब्रजमोहन धानुक बुधवार दोपहर अपने पड़ोस में रहने वाले बच्चे कान्हा के साथ तालाब पर गया था। नहाने के लिए तालाब में उतरे रंजीत ने आधा तालाब पार कर लिया था, तभी वह अचानक गहरे पानी में डूब गया। बच्चे ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग शुरू की, जो लगातार जारी है। प्रशासन द्वारा तालाब में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रखा गया है और युवक की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.