भोपाल। कान्हा टाइगर रिजर्व के सरही परिक्षेत्र में शनिवार को घायल अवस्था में पाए गए नर तेंदुए की इलाज के दौरान रास्ते में मौत हो गई। तेंदुए को दलदला बीट, कक्ष क्रमांक 729, ऐनीकट नाला पर घायल पाया गया था। मौके पर कान्हा टाइगर रिजर्व और जबलपुर स्थित स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ की टीम ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर उसका इलाज किया।
इलाज के बाद तेंदुए को रेस्क्यू वाहन से मुक्की अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी उसकी मौत हो गई। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, नई दिल्ली और मध्य प्रदेश के मुख्य वन जीव अभिरक्षक, भोपाल के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पोस्टमार्टम किया गया। प्रारंभिक जांच में सभी अंग सुरक्षित पाए गए। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत तेंदुए का अंतिम संस्कार किया गया।